अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस के गाड़ी में मारी टक्कर।

तेज रफ्तार ट्रक ने दाउदपुर पुलिस गश्ती वाहन में मारी टक्कर,वाहन क्षतिग्रस्त।

न्यूज4बिहार/सारण: छपरा-सिवान मुख्य मार्ग के एनएच 531पर स्थित दाउदपुर थाना के समीप बुधवार की देर रात पुलिस गश्ती गाड़ी में एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। यह महज संयोग ही था की गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मी दुर्घटना ग्रस्त वाहन पर सवार नही हुए थे अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना ग्यारह बजे रात्रि की बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना पुलिस का वाहन रात्रि गश्ती के लिए थाना के सामने सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान सिवान की तरफ से आ रही बेकाबू ट्रक ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। जबकि दुर्घटना में पुलिस वाहन सड़क किनारे पलट गई। थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम ने बताया की रात्रि गश्ती के लिए पदाधिकारियों की टीम तैयार होकर वाहन में बैठने वाली ही थी कि सामने से आ रही बेकाबू ट्रक ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दिया। संयोग अच्छा था कि जिस समय यह हादसा हुआ वाहन में महज चालक व एक पुलिस बल का जवान बैठा था अन्यथा गश्ती अधिकारियो की टीम बैठी होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में पुलिस वाहन के चालक महंथ राय व एक अन्य जवान को मामूली चोट आई है। जबकि पुलिस वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना के बाद पुलिस द्वारा ट्रक का पीछा भी किया गया लेकिन चालक किसी तरफ से ट्रक लेकर भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक की खोजबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *