रिविलगंज के शिव मंदिर से कलश चोरी, ग्रामीणों ने चोर को पकड़ा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में शिव मंदिर से कलश चोरी करने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए कलश को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को करीब 6:30 बजे शिव मंदिर से एक व्यक्ति कलश चोरी कर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना रिविलगंज थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कोपा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी विक्की कुमार साह, पिता बहादुर साह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया एक कलश बरामद किया गया।

इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 669/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2)/317(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पुलिस द्वारा अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में रिविलगंज थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।