♦ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों के खातों में हस्तांतरित की राशि, सीवान में वेबकास्टिंग के जरिए किसानों ने देखा सीधा प्रसारण।
सीवान | प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत शुक्रवार को सीवान जिले के 3,75,067 किसानों के बैंक खातों में कुल 75 करोड़ 1 लाख 34 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर 2026 को देशभर के पात्र किसानों के खातों में योजना की किस्त जारी की। इससे जिले के हजारों किसानों को आर्थिक सहायता मिली है।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि भवन स्थित सभागार में वेबकास्टिंग के माध्यम से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सहित अन्य कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं सिवान सदर प्रखंड के योजना के लाभुक किसान शामिल हुए। सभी ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग प्रदान करती है। इसके तहत मिलने वाली सहायता राशि से किसानों को कृषि कार्यों में सहूलियत मिलती है और उन्हें आर्थिक संबल प्राप्त होता है।
जिले के 3,75,067 किसानों के खातों में कुल 75,01,34,000 रुपये की राशि हस्तांतरित होने पर उपस्थित किसानों ने प्रसन्नता जताई। किसानों ने कहा कि खेती के समय मिलने वाली यह आर्थिक सहायता बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होती है।









