Katihar News | 513.9 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

रूपेश मिश्रा, कटिहार | मनसाही पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुरेठा रेलवे स्टेशन मुख्य सड़क के पास से 513.9 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 से 45 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक मादक पदार्थ लेकर मनसाही की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कुरेठा रेलवे स्टेशन मुख्य सड़क के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से 513.9 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल बरामद किए गए। तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एकौना निवासी नागेश्वर महतो (28) और भोड़ाबाड़ी निवासी महेंद्र कुमार राय (32) के रूप में हुई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।