रूपेश मिश्रा,कटिहार/कदवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोनैली रेलवे फाटक के पास एक गुमटी में छापेमारी कर 203.58 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा 141 गोगो, 51 पीस चिलम और एक मोबाइल भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि सोनैली रेलवे फाटक स्थित गुमटी में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद कदवा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गुमटी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान प्रदीप पासवान (52), पिता स्व. जगदीश पासवान, निवासी सोनैली, थाना कदवा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गुमटी से 203.58 ग्राम गांजा, 141 गोगो, 51 पीस चिलम और एक मोबाइल बरामद हुआ। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।









