News4Bihar | पूर्णिया: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पूर्णिया पुलिस प्रशासन ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी शौर्य सुमन के निर्देश पर 21 पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों का तबादला किया गया है। आधी रात जारी इस आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी तबादला सूची के अनुसार जयप्रकाश सिंह को खजांची हाट थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विजय कुमार गुप्ता को सहायक खजांची थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पुरुषोत्तम कुमार को भवानीपुर थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा राजकुमार चौधरी को सदर ‘बी’ अंचल पुलिस निरीक्षक तथा राजेश कुमार रंजन को बनमनखी अंचल पुलिस निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। राजनंदनी सिन्हा को महिला थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
तबादला आदेश के तहत कई अन्य पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
पुलिस प्रशासन के इस निर्णय को आगामी चुनौतियों और अपराध नियंत्रण की रणनीति के तहत एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देर रात जारी इस आदेश की पूरे जिले में चर्चा है और नए पदस्थापित अधिकारियों से बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है।










