सीवान। जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की परेशानियों को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों को मांग-पत्र सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने धान खरीद में हो रही देरी और परेशानियों, खाद-बीज की किल्लत, डीएपी की कालाबाजारी तथा सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने का मुद्दा उठाया। किसान नेताओं ने मांग की कि पैक्स के माध्यम से अविलंब धान की खरीद शुरू कराई जाए और किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि रबी फसल की बुआई प्रभावित न हो।
इसके साथ ही बटाईदार किसानों को भी खाद और बीज उपलब्ध कराने, कृषि संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बंद पड़े सरकारी ट्यूबवेलों को चालू कराने, निजी बोरिंग का विद्युतीकरण करने और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नहरों की सफाई कराने की मांग भी रखी।
किसान नेताओं ने कहा कि समय पर खाद, बीज और सिंचाई की सुविधा नहीं मिलने से किसानों को खेती-किसानी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस प्रतिनिधिमंडल में जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव जयनाथ यादव और जिला कमेटी सदस्य नथुन पटेल शामिल थे।
#Siwan #BiharNews #Kisan #किसानमहासभा #धानखरीद #किसानोंकीसमस्या #News4Bihar









