एकमा (सारण)। सारण जिले के नगर पंचायत एकमा बाजार प्रशासन की ओर से स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शतरंज एवं कैरम बोर्ड प्रतियोगिता में सफल एवं चयनित प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के बीच मंगलवार को प्रमाण पत्र व मेडल का वितरण किया गया। यह सम्मान समारोह एकमा स्थित अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक स्कूल परिसर में संचालित मॉडल स्कूल (सरस्वती विद्या निकेतन) में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत एकमा बाजार की मुख्य पार्षद श्वेता रानी व कार्यपालक पदाधिकारी रमण राज की पहल पर किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। शतरंज एवं कैरम बोर्ड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित छात्र-छात्राओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय अलख नारायण सिंह सह मॉडल स्कूल (सरस्वती निकेतन) की प्रधानाध्यापिका सारिका द्विवेदी एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मियों व नगर पंचायत कर्मियों के सहयोग से छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र व मेडल वितरित किए गए।
सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। प्रमाण पत्र एवं मेडल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। विद्यालय परिवार ने छात्र-छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मौजूद प्रधानाध्यापिका सारिका द्विवेदी, नगर पंचायत कर्मी विजय पटेल, सूरज कुमार सिंह, सुनीता रानी, शिक्षिका मनोरमा कुमारी, सतीश कुमार, रंजन कुमार, अविनाश कुमार सिंह, विनीता प्रियम, प्रिया कुमारी, सरिता शर्मा, पुष्पा कुमारी, मृत्युंजय कुमार, रवि शंकर, दिलीप कुमार, संदीप दुबे, मुकेश कुमार, आफताब आलम, सिंपल कुमारी आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं बौद्धिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना, आत्मविश्वास और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।









