कटिहार के तीन वार्डों में लगा सहयोग शिविर, जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ।

रूपेश मिश्रा, कटिहार। शहरवासियों की समस्याओं के समाधान और नगर निगम की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कटिहार की ओर से तीन वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। वार्ड संख्या 04, 19 और 35 में आयोजित शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में पहल की गई

वार्ड संख्या 35 स्थित काली मंदिर परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उपमहापौर मंजूर खान, वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य प्रमोद महतो और नगर आयुक्त संतोष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

वहीं, वार्ड संख्या 04 के ठाकुरबाड़ी प्रांगण में पार्षद साबिर तथा वार्ड संख्या 19 में इमामबाड़ा के निकट पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य सलीम अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।

समस्याओं के समाधान पर रहा जोर

शिविर में नगर निगम से संबंधित विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही नागरिकों के आवेदन और समस्याओं के निष्पादन की दिशा में अधिकारियों ने पहल की। नगर निगम का प्रयास रहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, एपीएसडब्ल्यूएमओ नूर अली खान, स्वच्छता प्रभारी कैलाश नारायण चौधरी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि सहयोग शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने, समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और नगर निगम एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।