वृद्धजनों के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश।

रूपेश मिश्रा,कटिहार | जिला बुनियाद केंद्र, सदर कटिहार में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वृद्धजनों के अधिकार, सम्मान, सशक्तीकरण और सामाजिक समावेशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में पहुंचने वाले वृद्धजनों का बच्चों ने गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। सक्रिय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था, अंतरपीढ़ीगत संबंध तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, कल्याण और समाज में उनके योगदान को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर वृद्धजनों के बीच पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र और चश्मे का वितरण किया गया। साथ ही वृद्धजनों के सम्मान तथा नशामुक्ति को लेकर शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की जानकारी दी गई।
उप विकास आयुक्त ने वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक यशस्वी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मी एवं जिला बुनियाद केंद्र के कर्मी मौजूद रहे।