जैविक खाद उत्पादन में इसुआपुर का बेहतर प्रदर्शन, स्वच्छता कर्मियों को किया गया सम्मानित

  • इसुआपुर में स्वच्छता कर्मियों को प्रोत्साहन राशि व टी-शर्ट देकर किया गया सम्मानित

  News4Bihar | इसुआपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत “स्वच्छता में सहयोग, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) इं. सत्यम सिंह ने की। इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई तथा टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ ने बताया कि जैविक खाद उत्पादन के क्षेत्र में इसुआपुर प्रखंड ने जिले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अब तक प्रखंड में 8,707 किलोग्राम जैविक खाद का उत्पादन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि निपानिया पंचायत में करीब 100 बोरा जैविक खाद तैयार किया गया है, जबकि लौवां पंचायत जैविक खाद की बिक्री में सबसे आगे है।

उपयोगिता शुल्क वसूली में बेहतर कार्य करने पर अगौथर सुंदर पंचायत के स्वच्छता कर्मी ओमप्रकाश राम को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं इसी पंचायत के सुरेंद्र राय, छपियां पंचायत के सत्येंद्र राम समेत अन्य पांच स्वच्छता कर्मियों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभी स्वच्छता कर्मियों को टी-शर्ट भी वितरित की गई। बीडीओ इं. सत्यम सिंह ने स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को आगे भी सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक आलोक कुमार, एसआई हीरा कुमार पासवान, डाटा एंट्री ऑपरेटर रानी कुमारी, सेविका अंजू कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक किशन सिंह, कुणाल सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।