रूपेश मिश्रा,कटिहार। जिला स्तरीय विद्यालय बालक-बालिका अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 खेल प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन वुशु, बालक अंडर-19 क्रिकेट एवं साइकिलिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चार दिनों तक चले इस आयोजन में जिले के विभिन्न सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता-उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। टीम स्पर्धाओं में विजेता एवं उपविजेता दलों को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, कटिहार एवं अपर समाहर्ता, कटिहार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह और हर्षोल्लास देखने को मिला।
प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में चयनित खिलाड़ियों को निर्धारित संख्या के अनुसार मंडल स्तर की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। ये खिलाड़ी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चार दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी बढ़ावा दिया।










