नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार।

  • 12 घंटे में पुलिस ने दबोचा, रेलवे पायलट की वर्दी पहनकर युवती को झांसे में लेने का आरोप।

रुपेश मिश्रा , कटिहार । नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र के तमामगंज निवासी चंदन कुमार और लालगंज थाना क्षेत्र के स्कूल टोला निवासी विनय कुमार दास शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर बताया कि 22 सितंबर को वह घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रेलवे पायलट की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसे बरमसिया वार्ड नंबर आठ स्थित किराये के मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अपने साथी को भी वहां बुलाने का प्रयास किया। मौका पाकर वह वहां से निकल गई और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से हुई पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ साइबर सह विशेष अपराध के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने रेलवे स्टेशन और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 50/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।