सारण : आमलोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सारण में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने जनता दरबार में पहुंचे 47 लोगों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और उनके निराकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। इनमें सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा वन स्टॉप सेंटर, विद्युत, परिवहन, भू-अर्जन, शिक्षा तथा गरखा के प्रखंड विकास पदाधिकारी से संबंधित मामले भी सामने आए।
जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर समस्या के नियमानुसार शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। अधिकारियों को आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आमलोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जिला प्रशासन के अनुसार, “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देना है।









