रूपेश मिश्रा, कटिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), कटिहार की ओर से ब्लड बैंक, कटिहार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया।
शिविर में भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय, जिला महामंत्री रामनाथ पांडेय, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी समेत भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और रक्तदाता मौजूद रहे।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव के दौरान जटिलता, ऑपरेशन समेत कई चिकित्सकीय परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी होती है। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प, सेवा ही संस्कार’ के भाव से आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश देता है।
शिविर में भास्कर सिंह, अंबेश यादव, राकेश चौधरी और विवेक सिंह समेत कई लोगों ने रक्तदान किया। मौके पर महेंद्र झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, आरती चौधरी, प्रभात मिश्रा, युवा मोर्चा जिला महामंत्री जंक्शन यादव, अंकित मालाकार सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









