कटिहार में टोटो के गुप्त तहखाने से 52 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार।

रूपेश मिश्रा,कटिहार। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के सख्त आदेशानुसार मद्य निषेध टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बी.एड. कॉलेज रोड पर छापेमारी कर एक लाल रंग के टोटो (ई-रिक्शा) को जब्त किया, जिसमें बनाए गए विशेष गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई जा रही 52.710 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

मौके से शराब की इस खेप के साथ तस्कर विकाश कुमार पासवान (पिता- संजय पासवान), निवासी ललियाही, थाना सहायक, जिला कटिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान मद्य निषेध टीम ने टोटो को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली, तो उसमें बड़ी चालाकी से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला। तहखाने को खोलते ही भारी मात्रा में विदेशी शराब देखकर टीम भी हैरान रह गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।