न्यू मार्केट में सर्व एकता संघ के दुर्गापूजा पंडाल का भूमि पूजन।

रूपेश मिश्रा, कटिहार। न्यू मार्केट स्थित सर्व एकता संघ की ओर से बुधवार को दुर्गापूजा पंडाल निर्माण को लेकर विधिवत भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही पूजा पंडाल के निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संघ की ओर से इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक पंडाल तैयार कराया जा रहा है।

संघ के अध्यक्ष भास्कर सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल में मां दुर्गा द्वारा महिषासुर तथा शुंभ-निशुंभ वध का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक और कलात्मक तरीके से प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य और मनमोहक दृश्य देखने को मिल सके।

उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा आयोजन के लिए करीब 10 से 11 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। पंडाल निर्माण के साथ आकर्षक सजावट, विद्युत व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पंडाल निर्माण का कार्य बंगाल से आने वाले कारीगरों की देखरेख में कराया जाएगा। कारीगरों के जल्द पहुंचने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी।

संघ के सदस्यों ने बताया कि दुर्गापूजा को लेकर न्यू मार्केट और आसपास के इलाके में लोगों में उत्साह है। पूजा आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष भास्कर सिंह के अलावा सज्जन कुमार, गणेश शाह, राजकुमार शाह, विजय गुप्ता, विकास चौधरी, अशोक गुप्ता, दिलीप राय, संजीव झा, दीपक कुमार, भरत कुमार, लखन शाह, शक्ति झा, रंजू चौधरी, शिवम कुमार, सोनू सरदार, भूई मांझी, अभिषेक कुमार, गोपाल शाह, पंकज शाह सहित संघ के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।