कटिहार के न्यू मार्केट में इस बार दिखेगा महिषासुर वध का सजीव दृश्य, तैयारियां शुरू।

रूपेश मिश्रा: जिले में शारदीय नवरात्र को लेकर अभी से ही धार्मिक उल्लास छाने लगा है। इसी कड़ी में न्यू मार्केट में सर्व एकता संघ की ओर से इस साल होने वाली दुर्गापूजा की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं। पंडाल निर्माण से पहले समिति ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न किया।

इस बार पंडाल की रूपरेखा पूरी तरह पौराणिक प्रसंगों पर आधारित होगी। संघ के अध्यक्ष भास्कर सिंह के अनुसार, कलात्मक पंडाल के माध्यम से मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप और उनके पराक्रम को जीवंत किया जाएगा। मुख्य आकर्षण के रूप में मां द्वारा महिषासुर तथा शुंभ-निशुंभ के वध के दृश्यों को कलाकृतियों के जरिए सजीव रूप में उतारा जाएगा।