बाढ़ प्रभावित मोहना चांदपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, राहत कार्यों का लिया जायजा।

रूपेश मिश्रा,कटिहार | बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शनिवार को बरारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से मोहना चांदपुर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासन की ओर से संचालित सामुदायिक रसोई, पशु शिविर, मेडिकल कैंप और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली और मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने और जीआर (अनुग्रह राहत) वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यक जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।