रूपेश मिश्रा,(कटिहार) नगर आयुक्त ने एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक। कटिहार आयोजना क्षेत्र के सुनियोजित विकास को लेकर तैयार किए जा रहे GIS आधारित मास्टर प्लान के कार्यों की शनिवार को नगर आयुक्त ने समीक्षा की। नगर आयुक्त के कक्ष में आयोजित बैठक में मास्टर प्लान तैयार करने वाली एजेंसी Excel Geomatics Pvt. Ltd. के प्रतिनिधियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली गई।
बैठक में GIS के माध्यम से तैयार किए जा रहे डेटा, क्षेत्र की मैपिंग और मास्टर प्लान से जुड़े तकनीकी कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही आने वाले दिनों में किए जाने वाले कार्यों और उनकी समय-सीमा को लेकर भी एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं हो और GIS डेटा एवं मैपिंग का काम पूरी सटीकता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि GIS आधारित मास्टर प्लान कटिहार आयोजना क्षेत्र के भविष्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसके आधार पर सड़क, आवास, आधारभूत संरचना समेत विभिन्न शहरी विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।










