अमदाबाद में बाढ़पीड़ितों के बीच पहुंचे सांसद प्रतिनिधि राहत व्यवस्था का लिया जायजा

रूपेश मिश्रा, (कटिहार)जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने बाढ़ प्रभावित विभिन्न पंचायतों और इलाकों का भ्रमण कर बाढ़पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।सांसद प्रतिनिधि ने बैदा पंचायत, जंगलाटाल पंचायत, लखनपुर पंचायत, पूर्वी करीमुल्लापुर, उत्तरी करीमुल्लापुर, दक्षिणी करीमुल्लापुर, नगर पंचायत अमदाबाद कार्यालय, जलेबी टोला, छोटी रघुनाथपुर सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों और लोगों को हो रही परेशानियों को करीब से देखा। भ्रमण के दौरान सुनील कुमार यादव ने बाढ़पीड़ितों के लिए संचालित कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य शिविर, मवेशी स्वास्थ्य शिविर सहित अन्य राहत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित लोगों से राहत कार्यों की जानकारी ली और जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान बाढ़पीड़ितों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सांसद प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधा, मवेशियों के लिए चारा एवं चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखीं। सुनील कुमार यादव ने लोगों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन अंचलाधिकारी को सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। बाढ़पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है। मौके पर सिकंदर मंडल, मो० वहाब,चांद खान, मुखिया जयप्रकाश यादव,अशफाक, राहुल कुमार, मोहन यादव, मो० तारीख, एजाबुल, शहाबुद्दीन, मोहम्मद मुख्तार, युसूफ, युधिष्ठिर मंडल सहित कई कांग्रेस नेता एवं बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।