News4Bihar | हाजीपुर | वैशाली पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये मूल्य के 140 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने अपने खोए हुए मोबाइल की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन वैशाली पुलिस की तत्परता और तकनीकी टीम के प्रयासों से उनके मोबाइल सुरक्षित वापस मिल गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन का लगातार तकनीकी माध्यमों से पता लगाया जा रहा है। अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनका खोया मोबाइल वापस मिल सके।
वैशाली पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे आम जनता के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।










