News4Bihar | छपरा | बिहार पुलिस एसोसिएशन की सारण इकाई के संगठनात्मक चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध संपन्न हो गया। छपरा पुलिस क्लब में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी पदों के लिए केवल एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया। किसी भी पद पर मुकाबला नहीं होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और चुनाव पदाधिकारी पंकज सिंह ने सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।
बिहार पुलिस एसोसिएशन, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस चुनाव में किसी भी पद पर वैकल्पिक नामांकन नहीं आने से सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हुआ। चुनाव परिणाम की सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को भी भेज दी गई।
नई कार्यकारिणी में पुलिस अवर निरीक्षक ललन पासवान अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं, रिविलगंज थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक रमाकांत यादव उपाध्यक्ष चुने गए हैं। इसके अलावा अरुण कुमार सिंह सचिव (मंत्री), शंकर कुमार कोषाध्यक्ष तथा जितेंद्र कुमार चौबे संयुक्त सचिव निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पुलिसकर्मियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान, कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन के सभी सदस्यों को साथ लेकर पुलिसकर्मियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा।










