बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक ‘बंटी’ ने नामांकन के 24 घंटे के भीतर लिया नाम वापस, राजनीति में हलचल

News4Bihar | पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने नामांकन दाखिल करने के महज 24 घंटे के भीतर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लेते हुए अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने इस निर्णय के पीछे पारिवारिक कारण बताए हैं।

 

9 जुलाई को अभिषेक बंटी ने एनडीए के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया था। लेकिन अगले ही दिन आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया।

 

शपथ पत्र में सामने आई संपत्ति की जानकारी

नामांकन के साथ दाखिल शपथ पत्र के अनुसार, अभिषेक कुमार बंटी की वार्षिक आय 15,94,910 रुपये है। उनके पास 70,000 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 50,000 रुपये नकद हैं। दोनों के पास कुल 1.20 लाख रुपये नकद उपलब्ध हैं।

 

चल-अचल संपत्ति की बात करें तो अभिषेक के पास 19,60,216 रुपये और उनकी पत्नी के पास 9,92,479 रुपये की संपत्ति है। दोनों की कुल संपत्ति 29,52,695 रुपये है। वहीं, अभिषेक पर 10,02,674 रुपये का कर्ज भी है।

 

मैट्रिक पास, कोई आपराधिक मामला नहीं

शपथ पत्र के अनुसार, अभिषेक कुमार बंटी मैट्रिक पास हैं और उन्होंने मध्यमा के माध्यम से यह योग्यता प्राप्त की है। उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

 

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चा

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के पास थी। ऐसे में पार्टी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने और फिर नामांकन के 24 घंटे के भीतर उनके चुनाव से हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बीजेपी इस सीट से अपना अगला उम्मीदवार किसे बनाती है।