पी सी विज्ञान कॉलेज में दीक्षा आरंभ कार्यक्रम का किया गया आयोजन

छपरा ।बुधवार को पी०सी० विज्ञान महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु ‘दीक्षा आरंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति सी०बी०सी०एस० के तहत सेमेस्टर एवं क्रेडिट प्रणाली तथा सभी पत्रों के बारे में जानकारी देनी थी।

कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका डॉक्टर विजया कुमारी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। साथ ही बिहार के माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति का नए शैक्षणिक सत्र में छात्र एवं छात्राओं को दिया गया वीडियो संदेश भी दिखाया गया। इस डिजिटल संदेश का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, कैंपस लाइफ के अनुशासन से परिचित कराना और उनके व्यक्तित्व विकास को सकारात्मक दिशा देना है।

 

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ० स्मिता पाण्डेय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन नियमित अध्ययन एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

 

‘दीक्षा आरंभ’ कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हिंदी विभाग के डॉ०प्रदीप कुमार सिंह ने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम क्रेडिट सिस्टम और परीक्षा प्रणाली के बारे में भी जानकारी प्रदान की।

 

इतिहास विभाग के प्राध्यापक साने अली ने इस नई प्रणाली का मुख्य फायदा ‘मल्टीप्ल एंट्री और एग्जिट’ बताया। यदि किसी छात्र को बीच में पढ़ाई छोड़नी पड़े तो उसकी पढाई बेकार नहीं जाती एक निश्चित अवधि बाद सर्टिफिकेट या डिप्लोमा मिल जाता है बाद में यदि वह छात्र अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करना चाहता है तो उसे क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम के माध्यम से वहीं से पढ़ाई शुरू करने का मौका मिलता है। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी की 4 साल के डिग्री कोर्स को बीच में छोड़ने पर 1 साल बाद सर्टिफिकेट 2 साल बाद डिप्लोमा 3 साल बाद बैचलर डिग्री और 4 साल पूरे होने पर ऑनर्स रिसर्च के साथ डिग्री मिलती है।

अंत में जंतु विभाग की प्राध्यापिका डॉ० जोइता दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतरकर्मी उपस्थित रहें।