पटना। बिहार सरकार राज्य में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और मछली पालकों को पंचायत स्तर पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने राज्य की 2,000 पंचायतों में नियमित मत्स्य सहायकों की नियुक्ति का निर्णय लिया है।
मत्स्य विभाग ने इन पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग की प्रशासी पदवर्ग समिति को भेज दिया है। समिति से मंजूरी मिलने के बाद यह प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) के माध्यम से नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सलाह और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। इससे राज्य में मछली उत्पादन बढ़ेगा, मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बताया जा रहा है कि मत्स्य सहायकों की तैनाती से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और मछली पालन को एक संगठित एवं लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया और रिक्तियों का पूरा विवरण कैबिनेट की मंजूरी एवं आयोग द्वारा विज्ञापन जारी होने के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।










