फ्लॉप रहे प्रसिद्ध कृष्णा, टी20 इतिहास में बना दिया ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड जो पहले कभी नहीं हुआ

Desk: भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाने वाली आयरलैंड की परिस्थितियों में भी वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। इस खराब प्रदर्शन के साथ उनके नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मुकाबले में अपने चार ओवर के स्पेल में 57 रन खर्च किए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। इससे पहले उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने 4 ओवर में 68 रन लुटाए थे।

इन दोनों मुकाबलों को मिलाकर प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 125 रन खर्च किए, जो इस फॉर्मेट के इतिहास में किसी भी गेंदबाज द्वारा लगातार दो मैचों में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड बन गया है। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई थी। उनसे आयरलैंड दौरे पर दमदार गेंदबाजी की उम्मीद थी, लेकिन पहले ही मैच में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका।

अब सीरीज के आगामी मुकाबलों में सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या प्रसिद्ध कृष्णा जोरदार वापसी कर इस खराब रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाते हैं।