DM वैभव श्रीवास्तव ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

News4Bihar | सारण | बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के तहत सारण जिले के डिग्री कॉलेज विहीन 9 प्रखंडों में उच्च शिक्षा का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने इन सभी प्रखंडों में आगामी 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

 

इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दरियापुर प्रखंड के दरिहारा उच्च विद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

 

जिले के तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर, मढ़ौरा, मशरक, लहलादपुर, पानापुर और इसुआपुर प्रखंडों में अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं था। सरकार के निर्णय के अनुसार इन क्षेत्रों में फिलहाल चिह्नित सरकारी भवनों में कॉलेजों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दरिहारा कॉलेज परिसर में चार क्लासरूम, एक प्राचार्य कक्ष और एक प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन फर्श फिनिशिंग, रंग-रोगन और अन्य कार्य अभी बाकी हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसी को अगले दो दिनों के भीतर सभी शेष कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही शौचालय निर्माण को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाप्त करने को कहा।

 

कॉलेज परिसर में जलजमाव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि 1 जुलाई से सभी डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में पढ़ाई शुरू कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान डीसीएलआर सोनपुर, बीडीओ दरियापुर, सीओ दरियापुर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।