मढ़ौरा (सारण)। News4Bihar की पड़ताल और प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर महज 24 घंटे के भीतर देखने को मिला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मढ़ौरा में तैनात एक सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मढ़ौरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा 10 जून 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में सुरक्षा एजेंसी बाला जी डिजिटल फोर्स, रांची को निर्देश दिया गया है कि संबंधित सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए तथा उसके स्थान पर नए गार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
विभागीय पत्र के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत सुरक्षा गार्ड जितेन्द्र कुमार राय के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी कि वह जख्म प्रतिवेदन (इंजरी रिपोर्ट) बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से पैसे की मांग करता है। इसके अलावा उसके कार्य व्यवहार और ड्यूटी के प्रति लापरवाही को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए थे। जांच के बाद विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में उक्त व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मढ़ौरा में सुरक्षा गार्ड के रूप में पदस्थापित नहीं किया जाएगा, क्योंकि उसके कार्यकलापों से संस्थान की छवि प्रभावित हो रही थी।
News4Bihar द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि जनहित से जुड़े मामलों को उजागर करने वाली पत्रकारिता का असर अब प्रशासनिक फैसलों में भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।










