इसुआपुर (सारण)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय नेता एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav के आह्वान पर मंगलवार को इसुआपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया।
धरना को संबोधित करते हुए तरैया विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी Shailendra Pratap Singh ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनियमितता, भेदभाव और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी करती रही तो राजद लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाने को मजबूर होगा।
उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के पलायन, पेट्रोलियम एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों तथा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, जबकि सरकार मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
धरना को संबोधित करते हुए अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के बाद राजद नेताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित मांगों का ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) इसुआपुर को सौंपा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड राजद अध्यक्ष हाजी अमजद खान ने की, जबकि संचालन युवा प्रखंड राजद अध्यक्ष रामबाबू राय ने किया। धरना को पूर्व जिला पार्षद चंदेश्वर राय, पूर्व प्रखंड प्रमुख राजकुमार राय, जिला राजद के प्रधान महासचिव मुखिया अजय राय, बबलू हसन, अशोक यादव, टुनटुन हाशमी, अजमल अली सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।










