छपरा जंक्शन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के दो मोबाइल बरामद

News4Bihar: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर आरपीएफ, सीआईबी, सीआईबी मुख्यालय गोरखपुर और जीआरपी छपरा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेल यात्रियों का मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

 

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर रेलवे स्टेशन छपरा जंक्शन पर विशेष गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-02/03 के पूर्वी छोर स्थित शौचालय के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन छपरा जंक्शन और छपरा कचहरी स्टेशन पर ट्रेनों में घूमकर सोए हुए यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करता था। आरोपी ने बताया कि बरामद मोबाइल भी प्लेटफॉर्म संख्या-02/03 पर आई ट्रेन से यात्रियों के सोने के दौरान चोरी किए गए थे।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार (19 वर्ष), निवासी नगरपालिका पार्टी चौक जोगनिया कोठी, थाना नगर, जिला सारण के रूप में हुई है। उसके पास से एमआई और सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।

 

कार्रवाई के बाद आरोपी को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया गया है।