राबड़ी देवी का सरकार को खुला चैलेंज, बोलीं- “फोर्स बुलाकर खाली करा लें”

पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष Rabri Devi को आवंटित सरकारी आवास को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य सरकार द्वारा सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 खाली करने के निर्देश के बाद राबड़ी देवी ने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर आवास खाली कराना है तो प्रशासन और पुलिस बल का इस्तेमाल करे।

शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने कहा, “हम तो चाहते हैं कि फोर्स बुलाकर खाली करा लें। अगर सरकार को जगह खाली करानी है तो फोर्स भेजे, लेकिन हम अपनी जगह खाली नहीं करेंगे।”

दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख Lalu Prasad Yadav अपने परिवार के साथ वर्तमान में सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास संख्या-10 में रह रहे हैं। सरकार की ओर से आवास खाली करने का निर्देश दिए जाने के बाद यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।

राबड़ी देवी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। विपक्षी दल इसे राजनीतिक प्रतिशोध और दबाव की राजनीति बता रहे हैं, जबकि सरकार का कहना है कि आवास आवंटन और खाली कराने की प्रक्रिया नियमों एवं प्रावधानों के तहत की जा रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और गहरा सकता है, क्योंकि मामला सीधे राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा हुआ है। ऐसे में सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर टकराव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

 

#RabriDevi #LaluYadav #BiharPolitics #Patna #RJD #GovernmentResidence #PoliticalControversy #BreakingNews #BiharNews #TejashwiYadav