News4Bihar | इसुआपुर: प्रखंड के रामपुर अटौली पंचायत अंतर्गत अटौली कुमहैला और महुली गांव में पिछले करीब दो वर्षों से आतंक मचा रहे पागल हनुमान का आखिरकार सफल रेस्क्यू कर लिया गया। सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र से पहुंची निजी रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद बंदर को पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया।
रेस्क्यू टीम में इम्तियाज अली, साहील अली, एहसान अली, फारुख अली और नसरुद्दीन अली शामिल थे। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के मुखिया धनंजय पांडे के विशेष प्रयास से यह अभियान संभव हो सका। बताया गया कि मुखिया ने अपने निजी फंड से करीब 20 हजार रुपये खर्च कर निजी रेस्क्यू टीम को बुलाया था।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पागल हनुमान खासकर ट्रैक्टर चालकों पर हमला करता था और अब तक करीब 75 से 80 लोगों को काट चुका था। इसके डर से लोग वर्षों से भय के साये में जी रहे थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। शिवजी सिंह, सुभनारायण सिंह, पूर्व बीडीसी चंदन सिंह, कन्हैया सिंह, कबिस सिंह, मने मिश्रा, विश्वनाथ सिंह, सोनू सिंह, रोहित सिंह और मुकेश कुमार तिवारी समेत कई ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब पंचायत के लोग राहत की सांस ले सकेंगे।
ग्रामीणों ने इस सफल अभियान का पूरा श्रेय मुखिया धनंजय पांडे को देते हुए कहा कि उनके प्रयास से पंचायत को दो वर्षों की बड़ी परेशानी से मुक्ति मिली है।










