इसुआपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार भैंस चोर गिरफ्तार, पिकअप समेत तीन मवेशी बरामद

इसुआपुर (सारण)। थाना क्षेत्र के पिपरहियां नट बस्ती में गुरुवार की शाम इसुआपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मवेशी चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन, दो भैंस और एक छोटे भैंस को बरामद किया। थाने परिसर में बंधी बरामद भैंसों को देखने लोगों की भीड़ जुटी रही।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी किए गए मवेशियों को पिकअप वाहन से कहीं ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की और चार लोगों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के सफरी गांव निवासी मुकुल कुमार नट एवं प्रिंस कुमार यादव, बनियापुर थाना क्षेत्र के बेरुई गांव निवासी बादल नट तथा कोपा थाना क्षेत्र निवासी संतोष नट के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। वहीं वाहन मालिक के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।