इसुआपुर में 16 अप्रैल से जनगणना 2027 का प्रशिक्षण, 9 दिनों में 3 बैचों में होगा आयोजन

   इसुआपुर। भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए प्रतिनियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण प्रखंड मुख्यालय स्थित खोभारी साह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इसुआपुर में आयोजित किया जाएगा।

चार्ज अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्यम कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 9 दिनों का कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसे तीन अलग-अलग बैचों में विभाजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि—

  • प्रथम बैच: 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक
  • द्वितीय बैच: 19 अप्रैल से 23 अप्रैल तक
  • तृतीय बैच: 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मकान सूचीकरण एवं गणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि जनगणना कार्य को सटीक और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

इसके अलावा, प्रशिक्षण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनीश कुमार, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शशि शेखर और प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मुकेश पटेल को संबंधित कोषांग का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशासन की महत्वपूर्ण तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।