News4Bihar :इसुआपुर: बाजार क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में इसुआपुर बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी अमरनाथ प्रसाद के आवास परिसर में थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव की अध्यक्षता में स्वर्ण व्यवसायियों व अन्य दुकानदारों के साथ अहम सुरक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन इसके लिए खुद व्यापारियों को भी सतर्क रहना होगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दिन-रात पुलिस गश्त लगातार की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
थानाध्यक्ष ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। यदि कोई व्यक्ति मुंह ढककर दुकान में आता है तो उससे चेहरा दिखाने के लिए कहें।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई ग्राहक दुकान के अंदर मोबाइल से बाहर किसी से संदिग्ध बातचीत करता दिखे, तो उसे तुरंत रोका जाए और सतर्कता बरती जाए।
थानाध्यक्ष ने व्यापारियों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाए रखें और किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अमरनाथ प्रसाद, शारदानंद सोनी, राजेश प्रसाद, मनोज प्रसाद, विनोद कुमार गुप्ता, परशुराम प्रसाद, प्रमोद प्रसाद, अशोक प्रसाद, रामजी प्रसाद, सोनू प्रसाद सहित कई स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे। वहीं शिवजी प्रसाद कुशवाहा, विक्की चौरसिया, श्याम प्रसाद, रोशन कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, रवि कुमार, रमण कुमार समेत बाजार के अन्य व्यवसायियों ने भी अपनी भागीदारी निभाई।
इस बैठक को पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।










