ज्ञान भारतम अभियान: डोइला के प्राचीन राम-जानकी मंदिर में पांडुलिपियों की खोज तेज

इसुआपुर (सारण): ज्ञान भारतम अभियान के तहत प्राचीन पांडुलिपियों की खोज को लेकर प्रखंड क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी इंजीनियर सत्यम सिंह ने पंचायत रामपुर अटौली के डोइला गांव स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर पहुंचकर मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय प्रबुद्ध लोगों से संपर्क किया।

इस दौरान उन्होंने मंदिर में संरक्षित पुराने धार्मिक ग्रंथों, पांडुलिपियों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। पुजारी एवं ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में कई प्राचीन धार्मिक ग्रंथ मौजूद हैं, जिनका संरक्षण और पहचान बेहद आवश्यक है।

बीडीओ सत्यम सिंह ने कहा कि ज्ञान भारतम अभियान का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना और प्राचीन पांडुलिपियों को खोजकर उनका दस्तावेजीकरण करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ सकें।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार की पुरानी पांडुलिपि या ऐतिहासिक दस्तावेज हों, तो वे प्रखंड विकास पदाधिकारी को सूचित करें, ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

इस पहल से क्षेत्र में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है और ग्रामीण भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।