News4Bihar: कटिहार में विकास के नाम पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सरकार पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछाने का दावा कर रही है तो दूसरी तरफ कटिहार नगर निगम के वार्ड नंबर 2 गौशाला मोहल्ले में बन रही सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां पहली बार सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ लेकिन हैरानी की बात यह है कि मजबूत मिट्टी की जगह मेडिकल कचरे के ऊपर पेवर ब्लॉक बिछाकर सड़क बनाई जा रही है। नतीजा हल्की बारिश या दबाव पड़ते ही सड़क धंसने लगी है। हालत तब और खराब हो जाती है जब बारिश के बाद इस कचरे से तेज बदबू फैलती है जिससे पूरा इलाका परेशान है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मेडिकल कचरे की वजह से कई लोगों के पैरों में जख्म तक हो गए हैं। अब मोहल्ले के लोग सड़क निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे हैं और सही तरीके से मजबूत सड़क बनाने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं इस पूरे मामले पर नगर आयुक्त संतोष कुमार ने जांच का भरोसा दिया है और कहा है कि शिकायत सही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल ये है कि विकास के नाम पर ये लापरवाही आखिर कब तक चलेगी।










