हाथ में ट्रॉफी, होंठों पर जीत की मुस्कान… छपरा की बेटी निधि ने दिलाया राष्ट्रीय खिताब

🟡 सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप में बिहार टीम को दिलाई जीत, डबल्स इवेंट में भी चमकी निधि

News4Bihar/छपरा: हाथ में चमचमाती ट्रॉफी और दांतों से मेडल थामे यह तस्वीर सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि मेहनत, जुनून और सपनों की उड़ान की कहानी बयां कर रही है।
यह हैं सारण जिले की होनहार खिलाड़ी निधि तिवारी, जिन्होंने सेपक टकरा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन कर दिया है।
झारखंड की राजधानी रांची में 23 से 27 मार्च 2026 तक आयोजित 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप में बिहार की बालिका टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस जीत में निधि तिवारी की भूमिका बेहद अहम रही।
निधि ने न सिर्फ टीम इवेंट में बेहतरीन खेल दिखाया, बल्कि डबल्स इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
उनकी इस सफलता ने पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ा दी है। खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने इसे गर्व का पल बताया है।
👉 यह जीत बताती है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो छोटे शहरों की बेटियां भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेर सकती हैं।