Breaking : किराना दुकान में लाखों की चोरी, दरवाजा तोड़ नकद और कीमती सामान ले उड़े चोर

● मढ़ौरा के पिपरपांती में वारदात, मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी

   News4Bihar | छपरा/मढ़ौरा: सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदहिया पिपरपांती गांव में शनिवार की देर रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मी किराना स्टोर का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुसे और करीब ढाई लाख रुपये नकद, काजू, काली मिर्च समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

दुकानदार मनोकामना कुमार ने बताया कि घटना के समय उनके घर के पास दुर्गा गीत-संगीत का कार्यक्रम चल रहा था, जिसकी वजह से किसी को भी संदिग्ध गतिविधि की आवाज नहीं सुनाई दी। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

सुबह जब दुकान खोली गई, तब चोरी का पता चला। फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।