पटना:बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज मैट्रिक (10वीं) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 81.79% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। खास बात यह रही कि दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से स्टेट टॉपर बनकर इतिहास रच दिया।
टॉप-10 सूची में इस बार कुल 139 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है। वहीं, लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से लगभग 3% बेहतर रहा, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार,
सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की छात्रा पूजांजलि कुमारी और
उच्च माध्यमिक विद्यालय, चोहारी (वैशाली) की छात्रा सर्वीन परवीन
ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है।
दोनों टॉपर्स ने 500 में 492 अंक (98.4%) प्राप्त किए हैं। वहीं, बेगूसराय के नाहिद सुल्तान ने 489 अंक लाकर राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है।
बिहार बोर्ड ने घोषणा की है कि टॉप करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन के रूप में 2 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा, साथ ही लैपटॉप और अन्य सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
इस वर्ष के परिणाम में छात्रों की मेहनत और बेहतर तैयारी साफ झलक रही है। शिक्षा विभाग ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










