मढ़ौरा में होल्डिंग टैक्स वसूली सुस्त, लक्ष्य का सिर्फ 22% ही पूरा

■ नग़र प्रशासन की कवायद जारी, छूट और जागरूकता के बावजूद लोगों की उदासीनता बनी चुनौती

News4Bihar : छपरा जिले के मढ़ौरा नगर पंचायत में होल्डिंग टैक्स की वसूली प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब होने के बावजूद अब तक महज 22 प्रतिशत राजस्व की ही वसूली हो सकी है, जिससे नगर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र में कुल 6,470 होल्डिंग दर्ज हैं, लेकिन इनमें से अब तक केवल करीब 1,400 होल्डिंग धारकों ने ही टैक्स जमा किया है। यानी बड़ी संख्या में लोग अब भी टैक्स भुगतान से दूर हैं।

नगर प्रशासन द्वारा वसूली बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को राहत देने के उद्देश्य से ब्याज और जुर्माने में छूट भी दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जागरूकता की कमी और लोगों की उदासीनता इसकी बड़ी वजह है।

पूर्व मुख्य पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी मानना है कि नगर पंचायत में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोग टैक्स देने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। सड़कों की बदहाल स्थिति, जलजमाव और साफ-सफाई की समस्या को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।

वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी का कहना है कि प्रशासन लगातार अभियान चलाकर लोगों को टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित कर रहा है। साथ ही बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।

नगर पंचायत के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती शेष बचे समय में अधिक से अधिक वसूली कर लक्ष्य के करीब पहुंचना है।