भूकंप से निपटने की तैयारी की बड़ी रिहर्सल, राज्य स्तरीय मॉडल के तहत मॉक ड्रिल, डीएम रहे मौजूद

News4Bihar : कटिहार में भूकंप जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए बड़ा अभ्यास किया गया। राज्य स्तरीय मॉडल के तहत हरिशंकर नायक विद्यालय परिसर में विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान भूकंप की काल्पनिक स्थिति बनाकर यह दिखाया गया कि आपदा के समय किस तरह प्रशासन और राहत एजेंसियां मिलकर तेजी से कार्रवाई करती हैं। जिलाधिकारी की मौजूदगी में आयोजित इस मॉक ड्रिल में आपदा प्रबंधन टीम, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जैसे ही भूकंप आने का सायरन बजा, बिल्डिंग में मौजूद लोगो को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कुछ लोगों को घायल मानते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय घबराहट को कम करना और राहत-बचाव कार्यों को और तेज एवं प्रभावी बनाना है। मॉक ड्रिल के जरिए साफ संदेश दिया गया कि सतर्कता, समन्वय और समय पर कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।