रिपोर्ट- संतोष कुमार गुप्ता
छपरा. बिहार के छपरा जिले में बारात का माहौल मातम में बदल गया. जहां दर्दनाक सड़क हादसे में एक की मौत और छह बाराती घायल हो गए. दरअसल, छपरा के एकमा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच 531 पर माने गांव के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बारातियों से भरी सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर में सवारी वाहन में सवार एक बाराती की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चालक सहित छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी की दुर्घटना स्थल से लगभग 30 फीट तक बाराती वाहन को ट्रक चालक घसीटते हुए ले गया. सवारी बराती वाहन एकमा की ओर से छपरा की तरफ जा रहा था. तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई.आसपास के लोगों की सूचना पर एकमा थाने की पुलिस ने टक्कर मारने वाले अनियंत्रित ट्रक चालक को ट्रक सहित हिरासत में ले लिया.
एक की मौत, आधा दर्जन से अधिक बाराती घायल
दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर एकमा अंचल पुलिस निरीक्षक बीपी आलोक, एकमा थानाध्यक्ष देवकुमार तिवारी नेआसपास के ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा में पहुंचाया. जहां चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने उपचार के दौरान दीपक भगत (23) नामक एक बाराती को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस एवं पुलिस वाहन की मदद से सदर छपरा पहुंचाया गया.
इस दौरान पुलिस द्वारा मृतक दीपक भगत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजा गया. इस बीच बाराती वाहन के दुर्घटना ग्रस्त होने की सूचना पाकर अन्य बाराती व परिजन भी सीएचसी एकमा पहुंचे. जहां एक मृतक की शिनाख्त सिवान जिला के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरेंद्र भगत के पुत्र दीपक कुमार भगत (32) के रूप में हुई.
एक ही गांव के मृतक व सभी घायल
दुर्घटना में घायलों में शामिल राजेंद्र राम के पुत्र व वाहन चालक अशोक राम (40), विधाता भगत के पुत्र इन्द्रासन भगत (70), रामनाथ भगत के पुत्र प्रह्लाद भगत (50), धर्मदेव भगत के पुत्र विनियाक भगत (40), विश्वनाथ भगत के पुत्र पंकज भगत (25) व बादशाह भगत के पुत्र दीनानाथ भगत (65) के रूप में पहचान हुई है. सड़क दुर्घटना में एक मृतक व सभी घायल एक ही गांव सिवान जिला के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के दिघवलिया गांव के निवासी बताए गए हैं.
बताया गया है कि दिघवलिया गांव निवासी शंभू प्रसाद भगत के पुत्र मिथिलेश भगत की बारात गुरुवार की शाम छपरा के शेरपुर गांव में जा रही थी. इसी दौरान बाराती वाहन एकमा थाना क्षेत्र के माने गांव के समीप अनियंत्रित ट्रक की जोरदार टक्कर से सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Bihar police, Chapra news, Marriage news, Road Accidents
FIRST PUBLISHED : February 24, 2023, 10:24 IST










