• डीएम वैभव श्रीवास्तव ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का दिया निर्देश, जलजमाव और जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
छपरा। शहर में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए खनुआ नाला एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लंबित निर्माण कार्यों, जलनिकासी की बाधाओं और सड़क पुनर्स्थापन की स्थिति की समीक्षा की गई। परियोजना को अप्रैल 2027 तक पूरा करने के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, छपरा नगर निगम, बुडको और संबंधित तकनीकी विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे। डीएम ने नगर पालिका चौक से मोना चौक के बीच ड्रेन एवं सड़क संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा खनुआ नाला के अधूरे हिस्सों में निर्माण कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
अधूरे नाला निर्माण पर डीएम सख्त
समीक्षा के दौरान रूद्र होटल, करीमचक और म्युनिसिपल चौक सहित कई स्थानों पर नाला निर्माण का कार्य लंबित होने की जानकारी सामने आई। डीएम ने रूद्र होटल के पास तत्काल काम शुरू करने और बुडको को खनुआ नाला का संशोधित प्लान प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। तिनकोनिया से मोना चौक होते हुए साढ़ा ढाला तक अधूरे पड़े नाले के हिस्सों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। डीएम आवास और डीडीसी आवास के सामने लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
जलजमाव और बैकफ्लो का निकलेगा स्थायी समाधान
बैठक में तिनकोनिया से रूपगंज तक करीब 300 मीटर क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था, सुधा डेयरी से तिनकोनिया तक आईपीएस के माध्यम से पानी निकालने की संभावना और संप हाउस की आवश्यकता पर चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अभियंताओं को तकनीकी व्यवहार्यता की जांच कर प्रभावी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। करीमचक और पटेल छात्रावास क्षेत्र में पानी के बैकफ्लो की समस्या दूर करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
अतिक्रमण और तकनीकी बाधाएं हटाने का निर्देश
एनएच-19 के शेष हिस्सों, रूपगंज तथा ब्रह्मपुर से दरोगा राय चौक तक नाला निर्माण में पेड़, विद्युत पोल और अतिक्रमण के कारण आ रही बाधाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर इन बाधाओं को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। जहां भूमि की मापी जरूरी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मापी कराने और अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया।
सड़क मरम्मत और पुनर्स्थापन भी प्राथमिकता में
आरडीएस पब्लिक स्कूल, जिला परिषद कार्यालय के सामने, इरकॉन रामनगर, चंवर क्षेत्र और मठिया मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर लंबित नाला निर्माण की समीक्षा की गई। दूधिया पोखर तक ड्रेनेज निर्माण और रामनगर से मठिया मोड़ तक सड़क पुनर्स्थापन का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। डाक बंगला रोड सहित प्रभावित सड़कों की मरम्मत पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़कों पर गड्ढों की संख्या, मरम्मत की स्थिति और लंबित कार्यों का विवरण तैयार कर रिपोर्ट देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खनुआ नाला एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना छपरा की जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अप्रैल 2027 तक परियोजना पूरी करने की दिशा में तेजी से काम करें।









