रूपेश मिश्रा, कटिहार। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को विकास भवन में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें एसपी परिचय कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा सभी जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। अश्लील संगीत और कार्यक्रम पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सफाई, सड़क मरम्मत, जर्जर बिजली तारों को बदलने, निर्बाध बिजली आपूर्ति, विसर्जन घाटों पर रोशनी व बैरिकेडिंग तथा सुचारू यातायात व्यवस्था पर चर्चा हुई। बड़े पूजा पंडालों में सीसीटीवी, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश एवं निकास और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पंडालों के आसपास रास्ता बाधित करने वाले ठेले-खोमचे नहीं लगाने की अपील की गई। यातायात सुचारू रखने के लिए जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू होगी। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।










