News4Bihar : कटिहार में रक्षाबंधन के पवित्र त्यौहार के अवसर पर एक अनोखा तस्वीर देखने को मिली। जहां बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध रही थीं, वहीं पर्यावरण के संरक्षण की एक मिसाल पेश करते हुए “ग्रीन मैन” के नाम से मशहूर कालिदास बनर्जी ने पेड़ों को राखी बांधने की अनोखी परंपरा शुरू की। रौतारा गांव के रहने वाले कालिदास बनर्जी ने “वृक्ष बंधन” नामक अभियान की शुरुआत कर स्कूली बच्चों को अपने विशाल बगीचे में आमंत्रित किया और पेड़-पौधों को राखी बांधकर हरियाली की रक्षा का संकल्प दिलाया। इस अभियान में कटिहार के एक निजी स्कूल के दर्जनों छात्राएं शामिल हुए। बच्चों ने न सिर्फ पेड़ों को राखी बांधी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का वचन भी लिया। बच्चों का कहना है कि जिस तरह हम अपने भाई की रक्षा की कामना करते हैं, उसी तरह प्रकृति की भी रक्षा जरूरी है। वृक्ष हमारे असली रक्षक हैं जो हमें ऑक्सीजन, छांव और जीवन देते हैं। कालिदास बनर्जी का मानना है कि ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए पेड़-पौधों की रक्षा अब समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। “वृक्ष बंधन” अभियान के जरिए वे लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि पर्यावरण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। हरियाली के इस हीरो की पहल को लेकर गांव ही नहीं, पूरे जिले में सराहना हो रही है। छात्र-छात्राएं भी इस मुहिम से जुड़कर खुद को गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। अब यह अभियान सिर्फ रौतारा तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे कटिहार में हरियाली की एक नई लहर बन रहा है।















