रमण सिंह,तरैया | सारण : एक सात वर्षीय बच्चे की बिजली के करेंट से मौत की स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। मामला थाना क्षेत्र के डीह छपिया का है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दलित परिवार के संतोष राम का सात वर्षीय पुत्र शिवम कुमार बिजली का मोटर बंद करने के क्रम में बिजली के करेंट की चपेट में कुछ इस कदर आया कि घटनास्थल पर ही काल के गाल में समा गया। दो भाई और एक बहन वाले परिवार में मझले शिवम की आकस्मिक मौत ने समस्त परिवार को झकझोर दिया है। खबर मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने पुलिस बल, चौकीदार के साथ घटनास्थल पर पहुंँच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव को छपरा भेज दिया है। मृतक शिवम के माता-पिता, भाई-बहन का रो-रोकर बेहाल हो रहे हैं।









