♦सिताबदियारा एवं गड़खा के विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ प्रशिक्षण, विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड ले रहे हैं उत्साहपूर्वक भाग
सारण –भारत स्काउट और गाइड, सारण के तत्वावधान में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के पत्र के आलोक में जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर प्रथम सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
सिताबदियारा में हुआ शिविर का उद्घाटन
माधव प्रसाद सिंह उच्च विद्यालय, सिताबदियारा में आयोजित प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य पुनीत रंजन ने ध्वजारोहण कर किया। इस शिविर में उच्च माध्यमिक विद्यालय जयप्रभा, मध्य विद्यालय सिताबदियारा एवं बबन माधव मध्य विद्यालय, सिताबदियारा के स्काउट और गाइड उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर नोडल शिक्षक पशुपति नाथ, अरिंजय चौधरी एवं काजल कुमारी उपस्थित रहीं।
गड़खा के फेरूसा में भी प्रशिक्षण का आगाज
वहीं, गड़खा प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, फेरूसा में भी प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या सबिता कुमारी ने ध्वजारोहण कर किया। इस शिविर में उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदसराय, मध्य विद्यालय बेलवानिया, मध्य विद्यालय पहाड़पुर एवं मध्य विद्यालय फेरूसा के स्काउट और गाइड प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार चौबे, रत्नेश, कुमार शशिकांत, अविनाश कुमार, आशीष कुमार, विवेक सिंह, नितेश प्रजापति, नंद किशोर विश्वकर्मा एवं भूपेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रथम सोपान प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों, प्रतिज्ञा, नियम, प्रार्थना, ध्वज शिष्टाचार, अनुशासन, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता, सेवा एवं सामूहिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, सहयोग, नेतृत्व और कठिन परिस्थितियों में स्वयं को सक्षम बनाने का गुण विकसित किया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के निर्देश एवं विभागीय पहल पर आयोजित इन शिविरों से विद्यालयों में स्काउटिंग गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें एक जिम्मेदार, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









