किशोरियों की सुरक्षा को लेकर तरैया की शिक्षिका सुभद्रा भवानी बनीं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर

◆ किशोरियों के स्वास्थ्य, अधिकार एवं जागरूकता को लेकर बिहार में विशेष पहल।

तरैया,(सारण)। सरकारी उच्च विद्यालयों में अध्ययनरत किशोरियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार एवं जागरूकता को लेकर बिहार में विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में सारण जिले के उच्च माध्यमिक विद्यालय, परौना बालक की शिक्षिका सुभद्रा भवानी को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना में 29 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। यह प्रशिक्षण बिहार शिक्षा परियोजना परिषद एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से संचालित किशोरावस्था कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। माध्यमिक स्तर की छात्राओं को ध्यान में रखते हुए तैयार इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा विद्यालयों में उनके लिए सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण विकसित करना है।

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सुभद्रा भवानी सारण जिले में मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगी। उनके माध्यम से जिले के विभिन्न उच्च विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें एक महिला एवं एक पुरुष शिक्षक शामिल होंगे। इसके माध्यम से किशोरियों को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने, अपनी समस्याओं को खुलकर रखने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तरैया के उच्च माध्यमिक विद्यालय, परौना बालक की शिक्षिका सुभद्रा भवानी का राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में चयन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

उनकी इस उपलब्धि पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पांडेय सहित शिक्षक मनोज कुमार सिंह, विकास पासवान, रवि रंजन, श्यामकेश यादव, अनूप कुमार, अनुज कुमार, वजीर अहमद, सरिता कुमारी, मनीष कुमार सिंह, आदित्य कुमार, संजय गिरी, सीमा, स्वीटी कुमारी, महिमा, अजीत एवं समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।